रायपुर
कांग्रेस की आंतरिक समिति कर रही जांच
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष समेत छह पदों के चुनाव में धांधली और फर्जी वोटर आईडी से मतदान को लेकर घमासान मच गया है। इसमें भाजपा भी कूद गई है। इन चुनावों के नतीजे जनवरी तक घोषित किए जाने हैं।
वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने इन चुनावों में बड़े पैमाने पर हुई फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर सीबीआई जांच की मांग की है। उनका कहना है कि फर्जी आईडी कार्ड के साथ दूसरे राज्यों के युवकों से वोटिंग कराई गई है।चंद्राकर ने आरोप लगाया है कि चंदे के पैसे और फर्जी तरीकों से अवैध सदस्यता दी गई है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष केंद्रीय जांच ब्यूरो से जांच होनी चाहिए।
उनका कहना है कि कांग्रेस के कुछ नेता ही अपने गुट को आगे बढ़ाने के लिए चंदा-चकोरी का सहारा लेने लगे है।
चंदे का मतलब बताते हुए चंद्राकर ने कहा कि यूथ कांग्रेस में सदस्य्ता दिलाने के नाम पर फर्जी वोटिंग और फंडिग की जा रही है। जिसे कांग्रेसी भाषा में चंदा कहा जाता है। अजय चंद्राकर ने आगे बताया है कि राज्य के कई जिलों में ऐसे चंदा दिलाने वाले दलाल बैठे हुए हैं। उनके लिए ये सब सेटिंगबाजी करवाना आम बात है।
चंद्राकर की मांग पर सहमत सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा सीबीआई जांच से दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि अजय चंद्राकर के मानसिक स्थिति की एम्स में जांच कराई जाए।भारत माला के छापे के बाद उनको सपने में भी सीबीआई दिखती है। यहां बता दें कि छत्तीसगढ़ यूथ कांग्रेस के आंतरिक चुनावों में एक विशेष ऐप के जरिए मतदान हुआ था। आरोप है कि इस दौरान जशपुर और अन्य क्षेत्रों में फर्जी वोटर आईडी कार्ड का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर वोट चोरी की गई।
आंतरिक विवादों और गुटबाजी के बीच, कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि पार्टी की अपनी एक आंतरिक शिकायत निवारण समिति बनी हुई है, जो तकनीकी त्रुटियों और गलत वोटों की शिकायतों का निपटारा कर रही।