रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने अकबर के बयान पर तीखा हमला बोलते हुए इसे राजनीतिक हताशा, बौद्धिक दिवालियापन और राज्य की शांति को भंग करने की सोची-समझी साजिश करार दिया है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की जनता द्वारा बुरी तरह नकारे जाने के बाद अब कांग्रेस नेतृत्व लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्थाओं से ही बदला लेने पर आमादा हो गया है। डॉ. मिश्रा ने तथ्य उजागर करते हुए कहा,सीईओ कार्यालय में जब भी मतदाता सूची पुनरीक्षण या एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सर्वदलीय बैठकें बुलाई जाती हैं, तब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष या उनके अधिकृत प्रतिनिधि अनिवार्य रूप से उपस्थित रहते हैं। बंद कमरों में जब आयोग के अधिकारी नियम और आँकड़े सामने रखते हैं, तब कांग्रेस नेता आयोग की निष्पक्ष प्रक्रिया पर पूर्ण सहमति व्यक्त करते हैं और इसे पूरी तरह पारदर्शी स्वीकार करते हैं। इन बैठकों की आधिकारिक वीडियो रिकॉर्डिंग निर्वाचन आयोग के पास मौजूद है। जो कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र की पोल खोलने के लिए काफी है। बैठक से बाहर निकलते ही कांग्रेस नेता मीडिया के कैमरों के सामने आकर झूठ परोसना शुरू कर देते हैं। मोहम्मद अकबर द्वारा जीत-हार के अंतर की तुलना विलोपित नामों से करना केवल जनता के मनोविज्ञान से खेलने और उनके मन में चुनाव प्रणाली के प्रति अविश्वास पैदा करने का एक खतरनाक मनोवैज्ञानिक षड्यंत्र है। मिश्रा ने मोहम्मद अकबर और पूरी कांग्रेस पार्टी को चेतावनी देते हुए कहा कि अपनी हार की झेंप मिटाने आयोग पर आरोप लगा रहे।