रायपुर

भगत का 7 से बस्तर दौरा, कवासी ने की थी चर्चा
02-Oct-2026 6:05 PM
भगत का 7 से बस्तर दौरा, कवासी ने की थी चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सुखदेव भगत 7 से 9 अक्टूबर तक बस्तर प्रवास पर रहेंगे। बताया गया कि जल, जंगल और जमीन पर पार्टी कार्यक्रम करने जा रही है। इसमें भगत प्रमुख रूप से शिरकत करेंगे।

भगत जगदलपुर के अलावा दंतेवाड़ा और सुकमा भी जाएंगे। जानकारी के मुताबिक पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने दो दिन पहले भगत से दिल्ली में मुलाकात की थी। उनके साथ बस्तर के कई और नेता भी थे।

बताया गया कि पूर्व मंत्री ने प्रदेश प्रभारी से बस्तर की समस्याओं पर चर्चा की। उन्हें बस्तर का दौरा करने की सलाह दी। इसके बाद भगत का कार्यक्रम तैयार हुआ है। ये अलग बात है कि पूर्व मंत्री खुद प्रदेश प्रभारी के कार्यक्रम में नहीं रहेंगे। शराब घोटाले में फंसे कवासी लखमा सशर्त जमानत पर है। शर्त में वो प्रदेश से बाहर रहेंगे। सिर्फ विधानसभा की कार्यवाही अथवा न्यायालय में पेशी के लिए ही प्रदेश आ सकते हैं। वर्तमान में वो ओडिशा के मलकानगिरी जिले में रह रहे हैं।  पार्टी सूत्रों के मुताबिक सुखदेव भगत के पहले बस्तर प्रवास के चलते माहौल गरमाने के आसार हैं। वहां खनन, और जमीन अधिग्रहण से जुड़ी कई समस्याएं जिसको लेकर लोग आंदोलित हैं। भगत तमाम कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे, और जिलों की बैठकें भी लेंगे।


अन्य पोस्ट