रायपुर
सीएम साय के सिंगापुर से वापसी के बाद नियुक्ति संभव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ पीएससी में अध्यक्ष का पद एक माह से रिक्त हैं। और सीजी पीएससी 25 के 262 पदों के लिए साक्षात्कार समेत कई विभागों की पदोन्नतियां लंबित पड़ी हुई हैं। नए अध्यक्ष की नियुक्ति में अभी और कुछ समय लग सकता है।रीता सांडिल्य का कार्यकाल खत्म होने के बाद अब तक शासन स्तर पर नई नियुक्ति को लेकर तत्परता दिखाई नहीं दे रही। वैसे नए अध्यक्ष के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी माशिमं अध्यक्ष श्रीमती रेणु पिल्ले का नाम प्रशासनिक गलियारे में लिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार अभी पीएससी के तीन सदस्यों प्रवीण वर्मा, संत कुमार नेताम और सरिता उईके में से कोई भी अध्यक्ष का कार्यभार संभालने इच्छुक नहीं हैं।
सूत्रों का कहना है कि इसके पीछे मुख्य कारण छग पीएससी की छवि और पिछले अध्यक्षों के कार्यकाल को बताया जा रहा है। यहां तक कि रिटायरमेंट के बाद भी सरकारी पद की सुख सुविधाओं के लिए लालायित आला अफसर और अन्य शिक्षाविद भी आवेदन करने उत्सुक नजर नहीं आ रहे। अब तक किसी ने भी सरकार और संगठन नेतृत्व के पास अपना बायोडाटा नहीं दिया है। नए या कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति अब सीएम साय के सिंगापुर दौरे से वापसी के बाद ही स्पष्ट होगी।
पीएससी के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि छवि सुधारने को लेकर शासन को पीएससी में आमूलचूल बदलाव करना होगा। उसे यूपीएससी की व्यवस्थाओं के दायरे में लाना होगा। यहां सिलेबस भी काफी पुराना हो चुका है।
यहां तक की पीएससी 25 की परीक्षा भी विवादों में घिर गई है उसके साक्षात्कार स्थगित कर दिए गए हैं। साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों के मूल्यांकन प्रक्रिया और संख्या को कोर्ट में चुनौती दी गई है।
पदोन्नतियां अटकीं: वहीं कई विभागों की पदोन्नतियों लंबित हो गई हैं।उच्च शिक्षा विभाग में प्राचार्यों की पदोन्नति के लिए डीपीसी भी टलती जा रही है। इससे प्रदेश के 100 शासकीय कालेजों में नियमित प्राचार्यों की पोस्टिंग नहीं हो पा रही है। मंत्री वर्मा तीन बार पोस्टिंग के निर्देश दे चुके हैं। उन्होंने जुलाई में ही पोस्टिंग की बात कही थी। बताया जा रहा है कि विभाग द्वारा पदोन्नत होने वाले प्राध्यापकों के सीआर पीएससी को भेजने में विलंब की जा रही है। उसने 26 के बजाय 25 का सीआर भेज दिया था। और अब 26 का सीआर मांगा गया है।
यूपीएससी को सौ साल पूरे
आज संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी अपने गठन की शताब्दी मना रहा है। इस मौके पर आज दिल्ली के भारत मंडपम में वृहद आयोजन किया गया है। इसमें राज्यों के पीएससी अध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है। इसमें छत्तीसगढ़ में अध्यक्ष न होने से हिस्सेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसमें अध्यक्ष ही आमंत्रित किए गए हैं इसलिए सदस्य या सचिव के जाने की खबर नहीं है।