रायपुर

तृतीय, चतुर्थ श्रेणी में अनुकंपा नियुक्ति के लिए शैक्षणिक योग्यता स्नातक
01-Oct-2026 7:28 PM
तृतीय, चतुर्थ श्रेणी में अनुकंपा नियुक्ति के लिए शैक्षणिक योग्यता स्नातक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 अक्टूबर। साप्रवि ने तृतीय और चतुर्थ श्रेणी पदों पर अनुकंपा नियुक्ति के लिए शैक्षणिक योग्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट की है।

बता दें कि राज्य शासन ने  9 सितंबर को इन पदों पर  सीधी भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता नए सिरे से निर्धारित किया था। 14 सितंबर को अधिसूचना जारी की थी। इसके अनुसार ग्रेड 3,भृत्य के सीधी भर्ती के लिए योग्यता 9 सितंबर की अधिसूचना अनुसार लागू होंगे। यह नियम 14 सितंबर के पश्चात वाले अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों पर भी लागू होंगे। इसके तहत शैक्षणिक योग्यता स्नातक उत्तीर्ण आवश्यक होगा।

 अविभाज्य मप्र से बीते वर्ष तक  चपरासी  आदि के लिए संबंधित भर्ती नियमों में निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता (जैसे 5वीं या 8वीं/10वीं पास) निर्धारित थी जिसमें संशोधन कर स्नातक किया गया है।

इसे लेकर कर्मचारी संघों ने आश्चर्य जताया है। उनका कहना है कि अनुकंपा नियुक्ति के मामले किसी भी परिवार के लिये विपत्ति या त्रासदी जैसी स्थिति में सहानुभूति और सहारा देने के लिए होता है। ऐसी स्थिति के लिए कोई तैयारी नहीं करता है। इसलिए इसमें भी न्यूनतम योग्यता स्नातक किया जाना उचित नहीं  है।इस परिपत्र का विरोध होना चाहिए और तृतीय, चतुर्थ श्रेणी के लिये अनुकम्पा की शर्तें पूर्ववत होनी चाहिए। उनका यह भी कहना है कि एक तरफ सरकारें बड़े अधिकारियों नेताओं के बच्चों, पत्नियों को अनुकंपा में सीधे डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी बना देती हैं, और  तृतीय, चतुर्थ श्रेणी के साथ इस तरीके की शर्तें रखने से प्रतीत होता है कि आने वाले समय में अनुकंपा की व्यवस्था ही समाप्त न कर दी जाए।


अन्य पोस्ट