रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 अक्टूबर। विदेश यात्रा के पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य सरकार की आयोजित कैबिनेट बैठक में कैशलेस चिकित्सा और कर्मचारी हित संबंधित अन्य मांगों पर कोई चर्चा नहीं होने से कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश है ।
प्रदेश के करीब सात लाख अधिकारी-कर्मचारी और पेंशनरों के लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उम्मीद लगाए बैठे थे। एक मांग एक मंच अभियान के प्रांतीय संयोजक करण सिंह अटेरिया, कोषालय कर्मचारी संघ के, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ठाकुर ,पेंशनर फोरम की ओर से जय नारायण श्रीवास्तव , विद्या भूषण दुबे आर के थवाईत, चंद्रिका सिंह अनिल शुक्ला ओपी शर्मा आदि ने सरकार के इस रवैये पर गहरा असंतोष व्यक्त किया है। मंत्रालय कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत ने कहा, कैबिनेट बैठक से प्रदेश का हर कर्मचारी आशान्वित था, लेकिन मांगों की अनदेखी से यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार हमारी समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है।
कैबिनेट बैठक के बाद एक मांग एक मंच अभियान से जुड़े विभिन्न कर्मचारी एवं पेंशनर संघों ने आपातकालीन बैठकें बुलाई हैं। बयान में कहा गया है कि, यदि सरकार 10 अक्टूबर तक एक मांग एक मंच अभियान के द्वारा मुख्य सचिव के नाम सौपे गए 5 सूत्रीय मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो राज्योत्सव पूर्व प्रदेश भर में चरणबद्ध आंदोलन करने की तैयारी की जाएगी। संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय संयोजक अनिल शुक्ला ने 2 अक्टूबर को रायपुर में कर्मचारी संघ की आपातकालीन बैठक
बुलाई है।