रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 सितंबर। भाठागांव बाजार के विस्थापन को लेकर रायपुर नगर निगम में एक बार फिर खींचतान सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक महापौर मीनल चौबे इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं और उन्होंने मामले से जुड़ी निगम की उपायुक्त (राजस्व) डॉ. अंजलि शर्मा का प्रभार बदलने पर जोर दिया है। इसे लेकर महापौर और निगम कमिश्नर संबित मिश्रा के बीच सहमति नहीं बन पाई, जिसके चलते बुधवार को दोपहर एक बजे बुलाई गई एमआईसी की बैठक समय पर शुरू नहीं हो सकी।
महापौर मीनल चौबे से इस संबंध में ‘छत्तीसगढ़’ ने चर्चा की तो उन्होंने फिलहाल इतना ही कहा कि वह एमआईसी की बैठक में हैं और बाद में बात करेंगी। सूत्रों के अनुसार महापौर का मानना है कि भाठागांव बाजार के विस्थापन को लेकर जिस तरह की स्थिति बनी, उससे निगम और सरकार की छवि प्रभावित हुई है। इसी के चलते वह उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा का प्रभार बदलने पर जोर दे रही हैं।
गौरतलब है कि भाठागांव बाजार के विस्थापन को लेकर पिछले दिनों जमकर विवाद हुआ था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के बेंत प्रहार की स्थिति भी बनी। करीब तीन दिन चले हंगामे के बाद बाजार का विस्थापन किया गया और दुकानों को नई जगह शिफ्ट किया गया। सूत्रों के मुताबिक इसी पूरी कार्रवाई को लेकर महापौर और निगम प्रशासन के बीच मतभेद की स्थिति बनी हुई है।