रायपुर
रायपुर, 30 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में आज मंत्रालय स्थित सभागार में छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) और कॉमन सर्विस सेंटर (सी.एस.सी.) के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए । चिप्स के सीईओ मयंक अग्रवाल तथा केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से कॉमन सर्विस सेंटर स्पेशल पर्पस व्हीकल के स्टेट हेड जय नारायण पटेल ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए । अग्रवाल ने बताया कि एमओयू के तहत सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध नागरिक-केंद्रित सेवाएं कॉमन सर्विस सेंटर के डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जाएंगी । इसी प्रकार कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं को भी सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध कराया जायेगा । वर्तमान में सेवा सेतु के माध्यम से 38 विभागों की 907 सेवाएं 16,619 केंद्रों के जरिए नागरिकों को ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं । 1 अप्रैल 2025 से अब तक सेवा सेतु पोर्टल पर 54 लाख 23 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 90 प्रतिशत से अधिक आवेदन निराकृत कर दिए गये हैं । अगस्त 2026 से अब तक 8 लाख 35 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 6 लाख 97 हजार सेअधिक आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया । औसतन प्रतिमाह तीन लाख से अधिक नागरिक सेवा सेतु के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं, वहीं, राज्य में 28,450 सक्रिय कॉमन सर्विस सेंटर्स के माध्यम से 600 से अधिक शासकीय एवं व्यावसायिक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं । इस एमओयू के बाद सेवा सेतु के माध्यम से उपलब्ध 907 शासकीय सेवाएं इन सक्रिय कॉमन सर्विस सेंटर्स पर भी उपलब्ध होंगी । राज्य में तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल इकोसिस्टम के अनुरूप यह पहल डिजिटल गवर्नेंस को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है । विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म और सेवाओं को आपस में जोडक़र नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सेवाएं अधिक सहज, त्वरित और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है ।