रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 सितंबर। शासकीय डिग्री गर्ल्स कॉलेज के छात्रावास में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. जया तिवारी ने अध्यक्षता की।
इस अवसर पर छात्रावास की वार्डन डॉ. प्रीति कंसारा, छात्रावास प्रबंधन समिति की संयोजक डॉ. अनीता दीक्षित, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. वैभव आचार्य एवं स्वशासी प्रकोष्ठ नियंत्रक डॉ. ऋचा टीकरिहा सहित छात्रावास निगरानी समिति एवं एंटी रैगिंग समिति के सदस्य तथा सभी सह-वार्डन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में छात्राओं को छात्रावास की समय-सारणी, स्वच्छता, अध्ययन हेतु अनुकूल वातावरण, सुरक्षा एवं विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को छात्रावास के नियमों का पालन करने, आपसी सहयोग एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के आयोजन में डॉ अलका तिवारी, डॉ. विनिता साहू, डॉ. प्रिया देवांगन एवं डॉ. कैरोलिना का वरिष्ठ छात्राओं का योगदान रहा।