रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के दो दिवसीय प्रवास से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ। उन्होंने पीसीसी के कार्यो की समीक्षा भी किया तथा वे संतुष्ट भी रहे उन्होंने आगामी महीनों की कार्ययोजना पर भी विमर्श किया। हम नये प्रभारी के मार्गदर्शन में प्रदेश और देश में कांग्रेस की सरकार बनाने में सफल होंगे।
बैज ने कहा कि बढ़े हुए बिजली के दाम, स्मार्ट मीटर के विरोध तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हॉफ योजना शुरू करने की मांग को लेकर कांग्रेस आमजनों से फार्म भरवा रही है। यह अभियान अक्टूबर माह के लिए बढ़ाया गया है। उसके बाद इन फार्मों को स्थानीय बिजली ऑफिस में जमा कर पावती ली जाएगी। उसके बाद इन फार्मों की पावतियों को लेकर कांग्रेस राजधानी में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी।
बैज ने कहा कि बस्तर संभाग का अधिकांश हिस्सा बारिश और बाढ़ के कारण तबाह हो चुका है। 571 गांव के 22 हजार से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में आये है। 8 लोगों की मौतें भी हुई है। लोगों के घर, घर के सामान राशन सामग्री, कॉपी-किताब, दस्तावेज सब बर्बाद हो गया है। राहत और बचाव कार्य में मुस्तैदी नहीं दिखी। मुख्यमंत्री का कल का दौरा भी केवल खानापूर्ति रहा। मुख्यमंत्री प्रभावित परिवारों को केवल 10 हजार की सहायता राशि घोषित करके आये, यह तो एसडीएम और तहसीलदार भी कर सकते थे। मुख्यमंत्री से हमारी मांग है सरकार बस्तर संभाग के लिए विशेष राहत पैकेज दें। पिछले वर्ष भी बारिश की तबाही से बस्तर के अनेकों पुल-पुलिया टूट गये थे, सडक़ें बह गयी थी, वे अभी तक नहीं बनी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मंगलवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव से मिलने मिलने उनके सरकारी निवास पहुंचे। उन्होंने किरणदेव का हाल चाल जाना। देव सडक़ दुघर्टना में में घायल हुए थे, और दो महीने तक दिल्ली में उपचार के बाद रायपुर लौटे हैं। दीपक बैज के साथ महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू, और सकलेन कामदार भी थे।