रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 सितंबर। उपभोक्ता अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय में छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, रायपुर ने अंबुजा सिटी सेंटर मॉल द्वारा दायर अपील खारिज कर दी है। आयोग ने जिला आयोग के 22 अप्रैल 2026 के उस आदेश को बरकरार रखा, जिसमें मॉल में आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों से पार्किंग शुल्क वसूली को अवैध घोषित करते हुए निशुल्क पार्किंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था।
मामले में उच्च न्यायालय अधिवक्ता अंजिनेश अंजय शुक्ला स्वयं परिवादी के रूप में पैरवी कर रहे थे। उन्होंने अपील के दौरान राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग (हृष्टष्ठक्रष्ट) तथा विभिन्न उच्च न्यायालयों के पूर्व निर्णयों का हवाला देते हुए तर्क प्रस्तुत किए।
न्यायमूर्ति गौतम चौरडिय़ा (अध्यक्ष) और प्रमोद कुमार वर्मा (सदस्य) की पीठ ने आदेश में कहा कि जब मॉल प्रबंधन दुकानों से सुरक्षा, बिजली और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं के लिए मेंटेनेंस शुल्क लेता है, तो आम उपभोक्ताओं और कर्मचारियों से अलग से पार्किंग शुल्क लेना अनुचित है। आयोग ने इसे ‘अनुचित व्यापार व्यवहार’ और ‘सेवा में कमी’ माना। साथ ही निजी संपत्ति पर फास्टैग के जरिए स्वचालित टोल वसूली के अधिकार पर भी टिप्पणी की। राज्यव्यापी कानूनी प्रभाव: उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत राज्य आयोग प्रदेश का सर्वोच्च अपीलीय उपभोक्ता मंच है। आदेश में यह कानूनी सिद्धांत स्थापित किया गया है कि भवन निर्माण नियमों के तहत पार्किंग के लिए एफएसआई छूट का लाभ लेने वाले वाणिज्यिक प्रतिष्ठान जनता से उस स्थान के लिए शुल्क नहीं वसूल सकते।