रायपुर

रेल्वे स्टेशन पर पानी लेने उतरे यात्री का मोबाइल, सामान पार
28-Sep-2026 9:15 PM
रेल्वे स्टेशन पर पानी लेने उतरे यात्री का मोबाइल, सामान पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 सितंबर। रायपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेनों में यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी होने के दो मामले सामने आए हैं। दोनों  घटना में जीआरपी ने प्राप्त शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

एमपी निवासी रबींद्र सिंह बताया कि वह अपने परिवार के साथ ट्रेन अमृत भारत एक्सप्रेस से नागपुर से बरहमपुर की यात्रा कर रहे थे। 4 सितंबर को यात्रा के दौरान रायपुर रेलवे स्टेशन पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका नीले रंग का बैकपैक चोरी कर लिया। बैग में 10 हजार रुपए के सोने के आभूषण, कैंटीन कार्ड, आधार कार्ड, एसबीआई एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस की फोटो, मोबाइल चार्जर और अन्य सामान रखा था। बरहमपुर पहुंचने के बाद उन्होंने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच में घटना स्थल रायपुर जीआरपी के कार्यक्षेत्र में पाए जाने पर केस डायरी रायपुर भेजी गई।

दूसरे मामले में भुसावल निवासी दुर्गेश आनंदा मराठे ने बताया कि वह परिवार के साथ ट्रेन मेें पुरी से जलगांव लौट रहे थे। दोपहर 2.30 बजे ट्रेन रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। इस दौरान दुर्गेश पानी लेने के लिए ट्रेन से उतरे। वापस अपनी सीट पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनका मोबाइल गायब हो गया था। अज्ञात चोर मोबाइल लेकर फरार हो गया। यात्री ने यात्रा पूरी करने के बाद जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। केस डायरी के आधार पर जीआरपी रायपुर ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट