रायपुर

अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में सिंघल का योगदान अविस्मरणीय- साय
28-Sep-2026 9:15 PM
अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में सिंघल का योगदान अविस्मरणीय- साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 सितंबर। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय रविवार को राजधानी  स्थित निरंजन धर्मशाला में  स्व अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।  श्री साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि  अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण की आकांक्षा को व्यापक जनभावना से जोडऩे और इसके लिए समाज को एकजुट करने में श्रद्धेय अशोक सिंघल जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आज अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रभु श्रीराम से छत्तीसगढ़ का संबंध केवल आस्था का नहीं, बल्कि अत्यंत गहरा और आत्मीय है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की भूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। वनवास काल में प्रभु श्रीराम ने लंबा समय छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर व्यतीत किया। माता शबरी की अनन्य भक्ति से जुड़ी शिवरीनारायण की धरती सहित प्रदेश के अनेक स्थान आज भी रामायणकालीन स्मृतियों और जनआस्था को संजोए हुए हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्रद्धेय अशोक सिंघल जी का जन्म शताब्दी वर्ष उनके विराट व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को उनके जीवन से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री सिंघल जी के जन्म शताब्दी वर्ष के तीन दिवसीय समारोह का शुभारंभ छत्तीसगढ़ की धरती से होना प्रदेशवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है।

इस अवसर पर संत परमात्मानंद महाराज, संत  युधिष्ठिर लाल, उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा, अम्बरीश ,  टोपलाल वर्मा,  राजाराम,  कुलवंत सिंह सैनी सहित संतगण,  देश-विदेश से आए पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट