रायपुर

बिजली कर्मी से गाली गलौज, चंदा का पैसा नहीं देने पर ईंट पत्थर से हमला भी
28-Sep-2026 5:59 PM
बिजली कर्मी से गाली गलौज, चंदा का पैसा नहीं देने पर ईंट पत्थर से हमला भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 सितंबर। खमतराई और गुढि़य़ारी में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और शासकीय कार्य में बाधा डालने के चार मामले सामने आए हैं। पुलिस ने मामले में अलग-अलग धाराओं का अपराध दर्ज किया है।

खमतराई के शिवानंद नगर स्थित बिजली कार्यालय में कॉल सेंटर ऑपरेटर चन्द्र कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि रविवार रात 9.30 बजे प्रकाश सिंह बिजली बंद होने की शिकायत को लेकर कार्यालय पहुंचा। उसने बिजली क्यों नहीं सुधारने की बात कहते हुए कर्मचारी से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उसने कार्यालय में रखा रजिस्टर फेंक दिया। विरोध करने पर धक्का-मुक्की करते हुए कॉलर पकडक़र चन्द्र कुमार को बाहर निकाल दिया। आरोपी ने बिजली ऑफिस आग लगाने की धमकी भी दी।

उधर भनपुरी के रामेश्वर नगर निवासी कमल ने शिकायत में बताया कि रविवार शाम 6 बजे जूट मिल के पास बजरंगबली मंदिर के पास खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले के आनंद साहू, राजा निर्मलकर और पारले उसके पास पहुंचे। तीनों ने गणेश उत्सव का 2 हजार रुपए चंदा नहीं देने पर गाली-गलौज की और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। मना करने पर तीनों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। जान से मारने की धमकी भी दी।

दूसरी घटना रावांभाठा जैतखाम के पास की है जहां शराब के लिए पैसा नहीं देने पर युवक की पिटाई हो गई। लक्ष्मण ने बताया कि शनिवार की रात 10 बजे उसके पिता के पितृ मिलान कार्यक्रम में मेहमान आए थे। मेहमानों को विदा करते समय मोहल्ले के युवराज कोसले, रिक्की और नानू बंजारे पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। पैसे देने से मना करने पर रिक्की और नानू ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की वहीं  युवराज ने पत्थर से उस पर हमला कर दिया। हमले में लक्ष्मण के सिर, बाएं गाल और कंधे में चोट आई।

गुढिय़ारी क्षेत्र के कलिंग नगर निवासी जय कुमार ने शिकायत में बताया कि 27 सितंबर की रात 12.35 बजे काम से घर लौटने के बाद वह बाहर टहल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के जतीन हरपाल और यश हरपाल आए और पुरानी बात को लेकर गाली गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर यश हरपाल ने ईंट से जतीन ने हाथ-मुक्कों से हमला कर मारपीट कर दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट