रायपुर

महादेव घाट डूबा, 15 लोगों ने छतों पर पनाह ली
26-Sep-2026 5:52 PM
महादेव घाट डूबा, 15 लोगों ने छतों पर पनाह ली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 सितंबर। गुरुवार दोपहर से बीती रात तक अंचल में हुई भारी बारिश और गंगरेल से पानी छोडऩे के चलते  राजधानी समेत खारून नदी के तटीय इलाकों में जनजीवन  अस्तव्यस्त हो गया है। महादेव घाट के  पूरे इलाके में खतरे का सायरन बजाया जा रहा है। खारून के पुराने पुल के दोनों एंट्री प्वाइंट बंद कर दिए गए हैं।

नदी में उफान से महादेवघाट मुक्तिधाम के साथ राजधानी के तटीय इलाकों में जल भराव हो गया है। भाठागांव के केशरी बगीचा की  तरफ 15 से 20 लोग फंसे है। सभी लोग घरों की छतों पर पनाह लिए हुए हैं और  निगम जिला प्रशासन से निकालने मदद मांगते वाट्सएप मैसेज कर रहे हैं। किंतु पूर्वाह्न तक उन्हें कोई मदद नहीं मिली है।

 महादेव घाट का पूरा इलाका पानी से ब्लाक हो गया है। यह इलाका मानो आंध्र, केरल के तटीय इलाकों की तरह नजऱ आ रहा है। खारून का पुराना पुल डूब गया है। 4-5  फीट ऊपर से पानी बह रहा है। बताया जा रहा है कि यह स्थिति 19 साल बाद आई है। इससे पहले 07 में आई थी। रायपुरा अमलेश्वर मार्ग बंद कर दिया गया है। भाठागांव महादेव घाट इलाके में अब तक कोई प्रशासनिक मदद नहीं पहुंची है।

जोन 7 स्टाफ ने  मोटर पम्प लगाकर रामनगर बस्ती में भरे पानी को बाहर निकाला।  एमआईसी सदस्य एवं वार्ड पार्षद भोलाराम साहू ने जोन कमिश्नर के साथ  निरीक्षण किया। बस्ती के प्रभावित लगभग 200 लोगों को लंच पैकेट्स

वितरित किया।

स्कूलों में रही छुट्टी

इस बारिश की वजह से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कल रात शनिवार के लिए प्रदेश के सभी स्कूल में छुट्टी की घोषणा की थी। इसी के साथ छमाही परीक्षा के आज होने वाले सभी पेपर रद्द कर दिए गए, इन्हें अगले सप्ताह आयोजित किया जाएगा।

ट्रेनों पर भी असर: भारी बारिश के कारण  रायपुर  पहुंचने वाली कई ट्रेने देरी से पहुंची। समता एक्सप्रेस करीब 3 घंटे, पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस 2 घंटे 45 मिनट, दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस 3 घंटे 45 मिनट और विशाखापट्टनम-दुर्ग एक्सप्रेस करीब 2 घंटे विलंब से रायपुर पहुंची. इसके कारण यात्रियों को परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि दुर्ग से रायपुर के बीच लोकल ट्रेनों को आउटर में लंबे समय तक रोका जा रहा है, जिससे सफर एक घंटे से अधिक का हो गया है।

आयुक्त ने किया निरीक्षण:  शनिवार सुबह आयुक्त संबित मिश्रा ने महादेवघाट के समीप जलभराव क्षेत्र का  निरीक्षण किया । एनडीआरएफ की टीम भी  सुबह पहुंची। इसने केसरी बगीचा क्षेत्र फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी। आयुक्त ने जोन कमिश्नर जलभराव से प्रभावित लोगों को  तत्काल आवश्यकतानुसार आश्रय स्थलों में ले जाकर भोजन पैकेट्स की व्यवस्था करें और जलभराव की समस्या शीघ्र दूर करने कार्रवाई करें।

इधर दलदल सिवनी में भी  मुख्य मार्ग जलमग्न हुआ। साइंस सिटी को दलदल सिवनी से जोडऩे वाला जब्बार नाला पुल भी भर गया। इससे करीब 100 मीटर की सडक़ पर यातायात बंद रहा।

टीला, पारागांव में राहत कार्य

राजधानी से सटे ग्राम टीला में  फंसे 24 लोगों को रेस्क्यू किया गया।  अभनपुर के ग्राम पारा गांव के फंसे लोगों को रेस्क्यू किया गया। उनके रुकने खाने की व्यवस्था की गई । एसडीआरएफ की टीम लोगों को भी निकालने की व्यवस्था कर रही है।ग्राम पारागांव में 250 लोगों को ग्राम पंचायत मे भोजन की व्यवस्था की गयी है। डूबे गांव से रेस्क्यू कर निकाला गया।कलेक्टर डाक्टर गौरव सिंग  के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ  कुमार विश्वरंजन अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंग, एसडीएम रवि सिंग जायजा लिया।

धरसींवा तहसील के ग्राम पंचायत बाना में 9 परिवारों के 54 सदस्य, गोमची में 4, कथाडीह में 40 और दतरेंगा में 25 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।महावीर कॉलोनी में बाढ़ के बीच फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकालकर ग्राम पंचायत के सामुदायिक भवन में पहुंचाया गया है। वहां उनके लिए भोजन की व्यवस्था की गई है।

मूणत भी जुटे: इसी तरह से वार्ड 70 के डिपरापारा में लगभग 20 परिवारों और शक्तिघाट में लगभग 50 परिवारों को सुरक्षित निकाला गया और उनके ठहरने और भोजन की  व्यवस्था की गई। पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने चन्दनीडीह के जलभराव क्षेत्रों का  निरीक्षण किया।खारून नदी से लगे श्रीलंका नगर बस्ती में जलभराव से घिरे लगभग 50 परिवारों को बाहर सुरक्षित निकालने एनडीआरएफ की टीम ने   बाहर निकाला। यहां के 300 लोगों को चंदनीडीह स्कूल में ठहराया गया है।

झांकी 28 को: लगातार बारिश को देखते हुए झांकियों के कार्यक्रम को एक दिन आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। अब 28 सितंबर को गणेश झांकियां निकाली जाएंगी।

मूर्ति विसर्जन बंद

महादेवघाट के समीप विसर्जन कुण्ड स्थल पर खारून नदी के जल का स्तर लगातार बढऩे के कारण नागरिकों की सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने  मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया को  बंद कर दिया है।  निगम ने  कहा जल का स्तर सामान्य होते ही विसर्जन की पुन: शुरू किया जाएगा।


अन्य पोस्ट