रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 सितंबर। शहर जिला कांग्रेस के सदस्यों ने शुक्रवार को बरसते पानी में देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पूतले को सैंडिल से मारने के बाद दहन किया। पुलिस ने इस प्रदर्शन को रोकने निर्वाचन कार्यालय सीईओ के आसपास बैरिकेडिंग की थी, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता तीन बैरिकेड तोडक़र कार्यालय के करीब पहुंच गए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी भी हुई। कांग्रेस का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। मतदाताओं के नाम अवैध तरीके से काटे और जोड़े गए, जिससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अपने राष्ट्रीय नेताओं की तरह स्थानीय नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का आरोप है कि चुनाव आयोग सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर काम कर रहा है। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची में अनियमितताओं की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसी मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सडक़ पर उतरे।