रायपुर

ठेका प्रथा बंद कर मंत्रालय स्वयं बस चलाए - झा
25-Sep-2026 7:37 PM
ठेका प्रथा बंद कर मंत्रालय स्वयं बस चलाए - झा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 सितंबर। छत्तीसगढ़ राज्य का मंत्रालय बने 25 वर्ष हो रहा है, लेकिन मंत्रालय का अपना स्वयं का बस नहीं है। अनेक बार मंत्रालय कर्मचारियों की बसें दुर्घटनाग्रस्त हुई हैं। एक-दो कर्मचारी दिवंगत भी हुए हैं।कर्मचारी नेता एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के जिला संरक्षक विजय कुमार झा ने कहा है कि मंत्रालय की 15 वर्ष पुरानी खटारा बसों को एनआरडीए के माध्यम से नगर निगम को ठेका देकर चलवाया जाता है। जवाबदारी की बात आने पर एनआरडीए नगर निगम पर और नगर निगम एनआरडीए पर आरोप लगाते हैं। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद करोड़ों-अरबों रुपए खर्च हो गए। नया रायपुर में अकेले अरबों रुपए खर्च किए गए हैं। पुराने रायपुर से नया रायपुर मंत्रालय-संचालनालय आने-जाने वाले कर्मचारियों के लिए मंत्रालय की अपनी स्वयं की कोई बस नहीं है।नोएडा में बस अग्नि दुर्घटना तथा मंत्रालय की बस में अग्निकांड के बाद सरकार जागी है एवं जांच कर रही है। बसों के फिटनेस की जांच औपचारिकता हो गई है। जिस बस में आग लगी, उसको भी फिटनेस सर्टिफिकेट मिला हुआ था।श्री झा ने मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव से मांग की है कि स्टेट गैरेज की भांति मंत्रालय स्वयं अपना बस खरीदे। वहां बस स्टॉपेज, गैरेज बनाए व छत्तीसगढ़ के बेरोजगारों को वाहन चालक के रूप में रोजगार देने की व्यवस्था करे।


अन्य पोस्ट