रायपुर

ब्रह्मचर्य धर्म का पालन करने वाले को मोक्ष लक्ष्मी की प्राप्ति होती है- मोदी
25-Sep-2026 7:18 PM
ब्रह्मचर्य धर्म का पालन करने वाले को मोक्ष लक्ष्मी की प्राप्ति होती है- मोदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 सितंबर। पर्युषण महापर्व के अंतिम दिवस उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की श्रद्धापूर्वक आराधना की गई। कचना, अमलतास कैसल स्थित  मुनि सुब्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर में प्रात: श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। इसके बाद नित्य पूजन एवं दस लक्षण विधान  हुआ। मंदिर अध्यक्ष हिमांशु जैन ने बताया कि पूरे आयोजन में समाजजनों ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की। सुरेश भाई मोदी ने उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म पर  कहा कि - उत्तम ब्रह्मचर्य मन लावे, नर-सुर सहित मुक्ति फल पावे।  अर्थात उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म का पालन करने वाले को मोक्ष लक्ष्मी की प्राप्ति होती है।उन्होंने कहा कि आत्मा ही ब्रह्म है और ब्रह्मस्वरूप निर्मल ज्ञानमयी आत्मा में चर्या करना ही ब्रह्मचर्य है। जब मनुष्य आत्मानुराग से भरकर देहासक्ति से ऊपर उठ जाता है, तब वास्तविक ब्रह्मचर्य की अनुभूति होती है। परिणामों की अत्यंत निर्मलता ही ब्रह्मचर्य है।


अन्य पोस्ट