रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 सितंबर। केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को इस माह तय तारीख से पहले ही जारी की जाएगी। हालांकि अभी राज्य सरकार की ओर से अभी ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। बैंक हड़ताल को देखते हुए केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने भुगतान पहले करने का फैसला लिया है।
वित्त मंत्रालय ने केंद्रीय विभागों में सितंबर की सैलरी और पेंशन का भुगतान 25 सितंबर यानी शुक्रवार को करने की अनुमति दी है। यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया गया है। हड़ताल के दौरान बैंकिंग लेनदेन प्रभावित होने की आशंका है।
हड़ताल को देखते हुए वित्त मंत्रालय के तहत कंट्रोलर जनरल ऑफ अकाउंट्स द्वारा जारी एक ऑफिस मेमोरेंडम के अनुसार, सरकार ने फैसला किया है कि सितंबर 2026 महीने के लिए सभी केंद्र सरकार के कर्मचारियों की सैलरी-पेंशन केंद्र सरकार के कार्यालयों (रक्षा, डाक और दूरसंचार सहित) द्वारा 25 सितंबर (शुक्रवार) को दे दी जाएगी। सरकार की तरफ से कहा गया है कि 25 सितंबर को मिलने वाली यह रकम एडवांस पेमेंट मानी जाएगी। महीना खत्म होने पर जब पूरी सैलरी और भत्तों का फाइनल कैलकुलेशन होगा, तब किसी कर्मचारी की सैलरी में कोई घट-बढ़ पाए जाने पर उसे अगले महीने अक्टूबर की सैलरी में एडजस्ट किया जाएगा। मतलब ये कि 26 से 30 सितंबर के बीच अगर कोई नया भत्ता, एरियर या ओवरटाइम का पैसा बनता है, जो सितंबर की सैलरी में जुडऩा चाहिए था, तो वह बकाया पैसा अक्टूबर की सैलरी में जोडक़र दे दिया जाएगा।