रायपुर

स्टाइपेंड वृद्धि की मांग, जूडो का ओपीडी बहिष्कार
24-Sep-2026 7:14 PM
स्टाइपेंड वृद्धि की मांग, जूडो का ओपीडी बहिष्कार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 सितंबर। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन जूडो छत्तीसगढ़ ने लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का अगला चरण शुरू करने की घोषणा कर दी है। संगठन के आह्वान पर 24 सितंबर से प्रदेश के सभी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों और संबद्ध अस्पतालों में ओपीडी सेवाओं का बहिष्कार किया जाएगा।

जूडो के अनुसार, 18 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से हुई बैठक में संगठन ने अपनी प्रमुख मांगें रखी थीं। मंत्री ने समाधान के लिए 7 दिन का समय मांगा था, जिसके चलते  डाक्टरों ने अपना प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर नियमित सेवाएं जारी रखीं। लेकिन सात दिन बीतने के बाद भी तीन प्रमुख मांगों पर कोई ठोस निर्णय या आदेश नहीं आया।

इस स्थिति में संगठन ने कल से ओपीडी बहिष्कार का फैसला लिया है। हालांकि जूडो ने साफ कहा है कि मरीजों को ज्यादा परेशानी न हो, इसलिए पैरेलल ओपीडी की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके जरिए जरूरतमंद मरीजों को वैकल्पिक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा सकेगा।

डॉ. पियूष श्रीवास्तव ने मीडिया से कहा कि हमारा मकसद मरीजों को परेशान करना बिल्कुल नहीं है। लंबे समय से लंबित चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों की जायज मांगों का समयबद्ध और नीतिगत समाधान चाहिए। हमने अब तक संवाद और शांतिपूर्ण तरीका अपनाया है। सरकार से अपेक्षा है कि मरीजों और डॉक्टरों दोनों के हित में जल्द ठोस फैसला लिया जाए। आगे चेतावनी भी दी है। अगर मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 28 सितंबर से सभी  रेजिडेंट्स, इंटरन्स, बॉन्डेड मेडिकल ऑफिसर्स और सीनियर रेजिडेंट्स प्रदेशभर में इमरजेंसी सेवाओं से भी हट जाएंगे.


अन्य पोस्ट