रायपुर
विहिप, बजरंग दल ने छुट्टी घोषित करने की मांग की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 सितंबर। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा दो दिन पहले घोषित दशहरा-दीपावली अवकाश को लेकर विरोध और विवाद गहराता जा रहा है। इस बार इन अवकाश बड़ी में कटौती की गई है। खासकर इन अहम सनातनी पर्व की छुट्टियों में कटौती किसी के गले नहीं उतर रही। घोषित छुट्टियों के अनुसार बच्चों और शिक्षकों को धनतेरस के दिन भी स्कूल जाना होगा। विभाग ने उस अवकाश घोषित नहीं किया है। जबकि पूर्व के वर्षों में दिया जाता था।
इस वर्ष धनतेरस 5 नवंबर को पड़ रही है। लेकिन अवकाश न दिए जाने से उस दिन स्कूल खुले रहेंगे।
इसे लेकर आप पार्टी ने विरोध किया है। प्रवक्ता विजय कुमार झा ने बताया कि सनातनी दल और सरकार होने का दावा करने वाली भाजपा की सरकार के स्कूल शिक्षा मंत्री ने हिन्दुओं के त्यौहार मे धनतेरस के दिन भी स्कूलों मे छुट्टी काट दी है। धनतेरस के दिन सनातनी भगवान धनवंतरी को पूजा कर वर्ष भर के लिए धन धान्य की प्रार्थना करते हैं। इस पूजन में बच्चों की भी बड़ी हिस्सेदारी होती है। अवकाश न दिए जाने से बच्चे वंचित किए गए हैं। झा ने सरकार से आदेश संशोधित कर अवकाश देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अवकाश की मांग करते हुए जल्द ही मंत्री का घेराव करेंगे।
बजरंग दल के जिला संयोजक भूषण साहू ने कहा कि सरकार अपने आप को हिन्दुत्व की सरकार कहती है और हमारे ही पर्व की छुट्टियों में कटौती कर दी है। दूसरे धर्म के पर्व में तो ऐसा नहीं किया गया। हम इसे लेकर सरकार के जिम्मेदार लोगों से चर्चा कर धनतेरस पर अवकाश घोषणा की मांग करेंगे। इसी तरह से विहिप के प्रांत सह मंत्री घनश्याम ने कहा कि यह ठीक बात नहीं है। हिंदुओं के सबसे बड़े पर्व के मौके पर धनतेरस से भाई दूज तक तो छुट्टी मिलनी ही चाहिए। धनतेरस में कटौती की गई है तो यह अनुचित है। पूर्व में मिलती रही है। सरकार के इस निर्णय पर संगठन में चर्चा कर सरकार से मांग करेंगे। संगठन में इसके विरोध पर भी चर्चा करेंगे।
आरटीआई एक्टिविस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार नित नए पर्व, जयंती, पुण्यतिथि पर अवकाश घोषित कर रही है और स्थापित पर्व पर छुट्टियां काट रही है। जो विरोधाभासी कदम है। सरकार को धनतेरस पर अवकाश घोषित करना चाहिए। हिंदुवादी दल की सरकार कहने वाली भाजपा की चुप्पी को कटौती से सहमत समझा जाना चाहिए।
यहां बता दें कि इस बार दशहरा दीपावली में भी 5- 5 दिन की छुट्टी घोषित की गई है। जबकि पहले दशहरा और दीपावली का अवकाश 25 दिन का होता था।