रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 मई। आजाद चौक, सरस्वती नगर, डीडीनगर और गुढि़य़ारी में अपहरण, लूट, मारपीट और धमकी की अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आजाद चौक पुलिस के मुताबिक निखिल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 12 मई की शाम वह अपनी स्कूटी से इंडोर स्टेडियम मैच खेलने जा रहा था। शाम करीब साढ़े छह बजे वह आजाद चौक गार्डन पहुंचा, जहां उसके दोस्त अजय सिंह परिहार, सोमेश परमार, अनमोल अवधिया और आयुष शुक्ला पहले से मौजूद थे।
इसी दौरान मौदहापारा निवासी शाहबाज अली और अमन सिक्का वहां पहुंचे और निखिल और अजय को अपने साथ मौदहापारा चलने को कहा। जिसपर वे शाहबाज के साथ मौदहापारा जाने के लिए निकले , जब वे जयस्तंभ चौक पहुंचे, तो वहां पर सिग्नल बंद होने पर शाहबाज अली जबरन निखिल की स्कूटी में पीछे बैठ गया और चाकू दिखाकर दोनों को मौदहापारा की ओर एक गली में ले गया।
शाहबाज अली ने अजय सिंह परिहार से पैसों की मांग की। पैसा नहीं देने पर उसने चाकू पेट पर टिकाकर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह अजय वहां से भाग निकला, निखिल वहां फंस गया। इसके बाद शाहबाज अली निखिल की स्कूटी छीनकर उसे जबरन पीछे बैठाकर देवेंद्र नगर त्रिमूर्ति चौक ले गया। जहां अमन सिक्का भी पहुंच गया। दोनों आरोपियों ने मिलकर 30 हजार रुपए की मांग की और नहीं देने पर रेलवे पटरी के पास ले जाकर जमीन पर सुला दिया। और उसके जेब से मोबाइल, चांदी का ब्रेसलेट और अंगूठी लूट लिए।
इसके बाद उसे रेलवे पटरी के खंभे से बांधकर लाठी-डंडों और चाकू से हमला किया गया। घटना में उसके हाथ, पैर, गर्दन, पीठ और कमर में चोटें आई हैं। पुलिस को आता देख आरोपी निखिल को वहीं छोड़ उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बयान दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, लूट और अन्य धाराओं का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक की टंकी फोड़ी
डीडीनगर अवधियापारा निवासी विनोद कुमार सेन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मंगलवार रात वह अपनी बाइक से रायपुरा स्थित अपनी बहन के घर जा रहा था। रात करीब साढ़े नौ बजे चंगोराभाठा मटकोडवापारा शिव मंदिर के पास एक युवक ने उसके साथ जबरन गाली गलौज करने लगा।
आरोपी का नाम ओंकार साहू उर्फ मोनू बताया गया। विरोध करने पर आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और पास में पड़े पत्थर से उसकी बाइक की टंकी तोड़ दी। मारपीट के दौरान उसकी सोने की अंगूठी भी कहीं गिर गई।
बेल्ट और कड़े से पिटाई
गुढियारी में गोगांव निवासी यशवंत के साथ कल मारपीट हो गई। उसने इसकी शिकायत गुढिय़ारी थाना में दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि कल वह बाल कटवाने सेलून गया था। जहां से वापस घर लौट रहा था, उसी दौरान देव सतनामी ने उसे फोन कर सीता नगर स्थित गुप्ता किराना दुकान के पास बुलाया।
वहां पहुंचने पर देव सतनामी, अंशु सतनामी और तानू साहू ने उसे बहुत हीरो बनता है कहकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने जान से मारने की धमकी देकर अपने पास रखे बेल्ट और हाथ के कड़े से उस पर हमला कर दिया। हमले में यशवंत को गंभीर चोट आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


