रायपुर

इंटक ने की वेदांता पावर प्लांट हादसे की न्यायिक जांच की मांग
17-Apr-2026 3:19 PM
इंटक ने की वेदांता पावर प्लांट हादसे की न्यायिक जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर, 17 अप्रैल। सक्ती जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट की घटना को लेकर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने न्यायिक जांच की मांग की है। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष टिकेन्द्र सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस संबंध में बयान जारी किया है।

संगठन का दावा है कि इस दुर्घटना में 20 से अधिक मजदूरों की मृत्यु हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं।

इंटक के पदाधिकारियों ने मांग की है कि मामले की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की निगरानी में कराई जाए और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने इस संबंध में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन भेजने की बात कही है। संगठन द्वारा निम्न बिंदुओं पर जांच की मांग की गई है-1. औद्योगिक सुरक्षा अधिकारियों द्वारा प्लांट का अंतिम निरीक्षण कब किया गया और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, बायलर और प्रेशर पाइप की जांच नियमित रूप से की जा रही थी कि नहीं । 2.  मजदूरों को सेफ्टी उपकरण नियमित रूप से प्रदान किया जा रहा था, कि नहीं। इसकी भी जांच होनी चाहिए। 3. श्रम विभाग द्वारा किए गए निरीक्षण की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। 4. पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा किए गए निरीक्षण का विवरण दिया जाए। 5. मृत मजदूरों के परिजनों को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग की गई है। 6. घायल मजदूरों के इलाज, मुआवजा और वेतन संबंधी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

संगठन के पदाधिकारियों ने श्रम नियमों के क्रियान्वयन और मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर भी अपने विचार व्यक्त किए हैं।


अन्य पोस्ट