रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 अप्रैल। पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल से तेलंगाना तक द्रोणिका सक्रिय होने से राजधानी समेत छत्तीसगढ़ के बड़े हिस्से के मौसम में अच्छी खासी तरावट आ गई है। शनिवार रात और आज सुबह शहर के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई। उधर महासमुंद में सुबह रायगढ़ में पूर्वाह्न बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि प्रदेश में कल 6 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे और एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने तथा ओलावृष्टि होने की संभावना है।ओलावृष्टि का क्षेत्र मुख्यत: मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। प्रदेश में 6 और 7 अप्रैल को सभी संभागों में वर्षा संभावित है। 8 अप्रैल को दक्षिण छत्तीसगढ़ में मुख्यत: वर्षा संभावित है। इसके पीछे ये कारण-पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मध्य पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब के ऊपर 3.1 कम से 4.5 कम ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका गंगेटिक पश्चिम बंगाल से तेलंगाना तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी-तटीय आंध्र प्रदेश के दक्षिण में 1.5 कम ऊंचाई तक विस्तारित है।
सीएम नहीं जा सके कुनकुरी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कुनकुरी दौरा रायपुर और जशपुर इलाके में मौसम की खराबी के चलते रद्द हो गया। वे हेलिकॉप्टर से रवाना होने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उड़ान संभव नहीं हो सकी। हेलीपेड पर उन्होंने करीब 1 घंटे 40 मिनट तक मौसम साफ सामान्य होने का इंतजार भी किया, हालांकि रूट क्लियर नहीं हो पाने के कारण आखिरकार दौरा स्थगित करना पड़ा।