रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 जनवरी। एक पश्चिमी विक्षोभ, चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तर अफगानिस्तान और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
एक प्रेरित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य पाकिस्तान के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक फ्रेश पश्चिमी विक्षोभ 2 फरवरी को तथा दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 5 फरवरी को उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। प्रदेश में कल 1 फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा वहीं
2 फरवरी से उत्तर छत्तीसगढ में वर्षा का दौर प्रारंभ होने की संभावना है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में लगातार क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।
रायपुर में फरवरी का मौसम कैसा रहेगा : राजधानी जिले में फरवरी का जलवायु लक्षण सामान्यत: जनवरी के समान ही होता है। उत्तरी भारत से होकर जाने वाले शीतकालीन विक्षोभों के प्रभाव से कभी-कभी आकाश बादलों से आच्छादित हो जाता है।
तथा गर्जन एवं वर्षा होने की भी संभावना रहती है तथा कभी-कभी ओलावृष्टि के साथ मेघगर्जना भी होती है। शीतकाल की समाप्ति के साथ ही औसत न्यूनतम तापमान भी बढ़ता है। बहुत ही कम अवसरों पर न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस से कम हो जाता है। कभी-कभी काफी मात्रा में वर्षा अंकित की गई है।
इस माह का सामान्य औसत अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस तथा औसत न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस होता है। इस माह की औसत वर्षा 16.3 मि.मी. है तथा वर्षा के दिनों की औसत संख्या 1.2 है। इस माह में सापेक्ष आर्दता 61 प्रतिशत - 35 प्रतिशत तक होती है। सतही हवाएं सामान्यत: शांत होती है जिनकी औसत गति लगभग 4.2 किमी प्रति घंटा होती है। इस माह में गर्जन होने वाले दिनों की औसत संख्या 0.4 है।


