रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 दिसंबर। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा मनरेगा जैसी योजना का नाम बदलकर उसे कमजोर करने के प्रयास के विरोध मे शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आजाद चौक स्थित गांधी जी की प्रतिमा के नीचे धरना प्रदर्शन किया। इसमें शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, ग्रामीण अध्यक्ष राजेन्द्र बंजारे, पूर्व अध्यक्ष उधोराम वर्मा, पूर्व महामंत्री गिरीश देवांगन, कन्हैया अग्रवाल, महेन्द्र छाबड़ा समेत दर्जनों नेता शामिल हुए।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गांव वालों को 100 से 125 दिन रोजगार मिलेंगे तो कांग्रेस को बुरा क्यों लग रहा है। गांव में अच्छा परिवर्तन आया है, वह लोग तैयार हैं। तो कांग्रेस को क्या दिक्कत है। भाजपा गांधी जी की मान्यताओं के ज्यादा करीब है। ऐसी राजनीति करने से कुछ नहीं होता, जनता के बीच जाना पड़ता है।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है। महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना देना शर्मनाक है ।गांधी जी ने अंतिम समय में हे राम कहा था।भाजपा ने गांधी जी के सिद्धांतों के अनुसार काम किया।सोनिया और राहुल गांधी विदेश में पैदा हुए, इसलिए संस्कृति नहीं समझते।कांग्रेस का दीया बहुत जल्द बुझने वाला है। गांधी जी और राम जी का अपमान करने वाले प्रदर्शन कर रहे।गंगा जल छिडक़कर सत्ता में आए, अब उनकी सत्ता समाप्त हो गई। जो गांधी जी को गाली देते थे, आज उन्हीं के नाम पर धरना दे रहे हैं।


