रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 अगस्त। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के छत्तीसगढ़ आगमन एवं भरोसे के सम्मेलन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि आज तो कांग्रेस और प्रदेश सरकार खुद ही अपने प्रति भरोसे के भयावह संकट के दौर से गुजर रही है। कांग्रेस की प्रदेश सरकार के घपलों-घोटालों और भ्रष्टाचार ने कांग्रेसमुक्त छत्तीसगढ़ की प्रस्तावना लिख दी है और समूचा प्रदेश समवेत स्वर में कह रहा है- ‘भूपेश है तो भरोसा है, छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में भ्रष्टाचार परोसा है।’
छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा आहूत भरोसे के सम्मेलन के सिलसिले में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खडग़े के जांजगीर दौरे से यह साफ हो गया है कि कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं का ही प्रदेश सरकार और कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व पर अब भरोसा नहीं रह गया है।