रायपुर
13 साल से टूटी व्यवस्था फिर शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 मई। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने राज्य प्रशासन के सभी विभागों के कार्यों सी हर माह प्रगति पर नजर रखेंगे। इसके लिए उन्होंने जीएडी से हर माह मासिक प्रतिवेदन भेजने कहा है।
तेरह वर्ष पूर्व से ठंडे बस्ते में जा चुकी यह व्यवस्था एक बार फिर से हरिचंदन शुरू कर रहे हैं। राज्य गठन के बाद यह व्यवस्था 2004 में भाजपा शासन काल से शुरू हुई थी जो मई-12 से पटरी से उतर गई । बीते तेरह वर्षों में राजभवन सचिवालय और जीएडी ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। फरवरी में पद सम्हालने के बाद हरिचंदन हर वो व्यवस्था लागू करवा रहे है जो राज्य के प्रशासनिक मुखिया होने के नाते उनके अधिकार में है।
वैसे बताया गया है कि यह प्रतिवेदन मासिक देने की व्यवस्था थी, लेकिन जल्दी, जल्दी लेने से उसकी गंभीरता में गिरावट और विभागों में दूसरे कार्यों पर पड़ रहे असर को देखते इसे त्रैमासिक किया गया । लेकिन यह ज्यादा दिन नहीं चल पाई और रिपोर्ट देने की व्यवस्था ठंडी पड़ गई ।
इस संबंध में सचिव जीएडी डीडी. सिंह का कहना है कि यह स्थाई आदेश माना जाता है। केवल स्मरण की तरह है । और फिर रिपोर्ट समय पर भी नहीं भेजा जाता रहा है, इसलिए पंक्चुअलिटी के लिए पत्र लिखा है।राज्यपाल को विभागीय मासिक प्रतिवेदन प्रत्येक माह की 02 तारीख तक अनिवार्य रूप से भेजा जाना है।
राज्यपाल हरिचंदन की अपेक्षानुसार वर्तमान में राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी, मेजर इनिशियेटिव मासिक गोपनीय प्रतिवेदन में सम्मिलित करते हुए प्रतिवेदन राजभवन सचिवालय को अंग्रेजी भाषा में हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी सहित भेजते हुए उसकी एक प्रति इस विभाग को भी भेजी जाए।सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डीडी. सिंह सभी एसीएस, पीएस, सचिव और विशेष सचिव को भेजे पत्र में इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने कहा है।
समस्या और समाधान
इसे लेकर विभागों में एक नई समस्या आ खड़ी हुई है। राजभवन ने हिंदी के साथ अंग्रेज़ी में भी रिपोर्ट देने कहा है और मंत्रालय में अंग्रेज़ी के जानकार आईएएस तो हैं लेकिन प्रतिवेदन तैयार करने उनके डिक्टेशन को नोटकर लिखित रूप देने वाले स्टेनो टाइपिस्ट कम हैं। यह भी हिन्दी प्रतिवेदन सी अनुवाद अपने आप में एक बड़ा काम होता है। इससे निपटने जीएडी , उपलब्ध इंग्लिश स्टेनो टाइपिस्ट या एक ग्रुप बनाकर केवल प्रतिवेदन राइटिंग का काम करवाने की तैयारी में है।


