रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 नवम्बर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को नान घोटाले और चिटफंड मामले को लेकर ईडी को पत्र लिखा और जांच की मांग की।
इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने आज पत्रकारों से चर्चामें कहा कि कल मुख्यमंत्री जी ने 6 पेज का एक पत्र लिखा। उसमें उन्होंने 2015 में एसीबी की जांच का हवाला देते हुए प्रश्न चिन्ह लगाए हैं। मैं मुख्यमंत्री जी से ही प्रश्न करना चाहता हूं 4 साल पहले जब वे विपक्ष में थे तब भी वे बिना तथ्य के आरोप लगाते थे। आज तो वे मुख्यमंत्री के पद पर बैठे हैं इस प्रकार झूठा आरोप लगाना उचित नहीं है।
4 साल तक पुलिस प्रशासन आपके हाथ में है। सरकार आपके हाथ में हैं। कोई आरोप आज तक सिद्ध हो पाया है क्या, सिर्फ झूठे आरोप लगाते हैं। चिटफंड मामले में मेरे पुत्र पूर्व सांसद अभिषेक सिंह के खिलाफ झूठे आरोप लगाए हैं, जिसमें मैं दिखाना चाहता हूं कि यथार्थ क्या है और तथ्य क्या है। यह जांच छत्तीसगढ़ शासित पुलिस द्वारा की गई। चिटफंड मामले के जांच अधिकारी राजेश्वर ठाकुर और महेंद्र प्रताप सिंह की रिपोर्ट में साफ कहा गया है ना कोई लाभ लिया गया और ना ही स्कीम में कोई अलग से राशि का भुगतान किया गया। यह आरोप लगाना इनकी आदत है और मुझे लगता है कि भूपेश बघेल जी को भले ही ईडी की विश्वसनीयता पर शंका हो मगर इस मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस की जांच पर मुझे विश्वास है। उन्होंने रिपोर्ट में दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है।
डॉ. सिंह ने कहा कि सीएम बघेल, और कांग्रेस मेरी छवि धूमिल करना चाहते हैं। सीएम को सोते जागते मेरा चेहरा नजर आता है।
सत्र का मतलब नहीं-रमन
आदिवासी आरक्षण कटौती पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने को लेकर पूर्व सीएम रमन सिंह, और विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि, सरकार छत्तीसगढ़ की जनता को दिग्भ्रमित कर रही है। डॉ. सिंह ने कहा सत्र बुलाने का कोई मतलब नहीं है। सत्र में भी वही निर्णय होगा, जो पहले हो चुका है। भूपेश कैबिनेट ने पूर्व में भी ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण का निर्णय लिया। जिस पर स्टे लग गया।जो कोर्ट में जाकर आरक्षण रुकवाने का प्रयास करते हैं उसे सरकार उच्च पदों पर नियुक्त कर देती है। बीजेपी आज भी चाहती है कि अजजा वर्ग को 32त्न आरक्षण मिलना चाहिए। शर्मा ने कहा है कि हम इसका समर्थन करते हैं। हमने विशेष सत्र बुलाने की मांग पहले ही की थी। इन्हें अक्टूबर में ही सत्र बुलाना था, इन्होंने सत्र बुलाने में देर कर दी।