रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 4 जून। तमनार पुलिस ने आमाघाट रोड पर ट्रक एवं ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों द्वारा वाहनों पर पत्थरबाजी कर उन्हें रोककर चालक-परिचालकों से मारपीट एवं लूटपाट की सूचना मिल रही थी।
कल प्रार्थी रोहित कुमार पासवान (18 वर्ष), निवासी जिला गढ़वा (झारखंड), ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ट्रक चालक है। 02 जून की रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच जब वह आमाघाट क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी सडक़ पर मौजूद कुछ युवकों ने उसके ट्रक पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर लगने से ट्रक का शीशा टूट गया और उसके सिर में चोट आई। चालक द्वारा वाहन रोककर अपनी चोट देखने के दौरान एक आरोपी ट्रक के केबिन में चढ़ गया और उसकी जेब में रखा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तमनार में धारा 309(6) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि ग्राम देलारी निवासी रघुनाथ चौहान अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देता है।पुलिस ने घेराबंदी कर ग्रामीणों की मदद से ग्राम देलारी में रघुनाथ चौहान एवं उसके साथी शिव कुमार अघरिया को पकड़ा।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार और किशन कंवर के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
प्रकरण में आरोपियों की पहचान परेड अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा के समक्ष कराई गई, जिसमें प्रार्थी ने सभी आरोपियों की पहचान की। जांच में यह तथ्य सामने आने पर कि पांच आरोपियों ने मिलकर मारपीट एवं लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था, प्रकरण में धारा 309(6) बीएनएस को विलोपित कर धारा 310(2) बीएनएस (डकैती) जोड़ी गई।


