रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 29 मई। इन दिनों रायगढ़ में भीषण गर्मी लोगों की परीक्षा ले रही है। नवतपा के दौरान जिले का तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने दोपहर के समय सडक़ों को सुनसान कर दिया था। हालांकि नवतपा के तीसरे दिन अचानक बदले मौसम ने लोगों को बड़ी राहत दी। महज 15 मिनट की तेज आंधी से जहां जिले के अलग-अलग इलाकों में कहीं पेड़ गिरे तो कहीं एल्बेस्टर उड़ गए वहीं कई जगह बिजली खंबा टूट और तार टूट जाने से पूरा शहर कई घंटों से अंधेरे में डूब गया हैं।
गुरूवार की शाम रायगढ़ जिले के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश होते ही मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने गर्मी से अस्थायी राहत महसूस की। पिछले कुछ दिनों से रायगढ़ समेत पूरे छत्तीसगढ़ में नवतपा का असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने भी प्रदेश में हीटवेव और तापमान 44 से 46 डिग्री तक पहुंचने की चेतावनी जारी की थी। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंधी और बारिश की संभावना जताई गई थी।
गुरूवार की शाम अंधड़ के साथ हुई बारिश के बाद लोगों ने घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवाओं का आनंद लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी। वहीं उसके साथ से पूरा का पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने के साथ-साथ बिजली तार टूट गई है। जहां भगवानपुर रोड पर एक कार के उपर पेड़ गिर गई और आवागमन बाधित होनें के साथ-साथ कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं केवड़ाबाड़ी स्थित एसबीआई मेन ब्रांच के सामने प्री मेट्रिक अजजा बालिका छात्रावास के मेन गेट के उपर एक भारी भरकम पेड़ गिरने से उस क्षेत्र में बत्ती गुल हो गई। जो रात 8 बजे तक सुचारू नही हो सकी। इसी तरह शहर के अन्य कई स्थानों पर पेड़ व पेड़ की झाडिय़ां गिरने के कारण विद्युत व्यवस्था कई घंटे तक बाधित रही। विद्युत विभाग की अलग-अलग टीम व्यवव्था दुरूस्त करने में लग गई है।
देर शाम आई आंधी तूफान और बारिश ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। रायगढ़ पूर्वांचल के प्राय: सभी गांव में बिजली पोल टूटने पेड़ गिरने की खबरें आ रही है। महापल्ली नीचे बस्ती में तरंग राम विश्वाल का टीना छत उखाड़ फेंका है जिसके कारण बिजली पोल टूट गया वही तार भी टूट गया है। यहां पर सरोज निषाद के बरामदा में कुछ लोग बैठे थे जो किसी तरह जान बचा कर भागे। बड़ी हादसा होते होते बच गया।
किसी तरह के जान माल के नुकसानी की खबर नहीं है।
गायत्री मंदिर के पास भी पेड़ गिरने से बिजली पोल टूट गया है। मेहर मोहल्ला में पेड़ बिजली तार में गिर गया है। मिनी स्टेडियम के पास भी पेड़ गिरने से बिजली तार टूट गया है। साल्हे ओना, वेलेरिया, तथा बनोरा में पेड़ गिरने से बिजली पोल टूटने की खबर मिली है। कुल मिलाकर बिजली विभाग को विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने में कल तक का समय लग सकता है। विद्युत विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है। वही विद्युत बहाली के लिए लग गए हैं। पेड़ कटाई कर रास्ता बहाली का काम भी चल रहा है।






