रायगढ़

महिला से रेप, आरोपी गिरफ्तार
23-May-2026 5:59 PM
महिला से रेप, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 23 मई। धरमजयगढ़ पुलिस ने महिला से रेप की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पीडि़ता द्वारा कल थाना धरमजयगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई।

पीडि़ता ने बताया कि आरोपी दिनेश कौशिक  उसके एवं उसके पति का परिचित है और पिछले लगभग एक माह से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। पीडि़ता के अनुसार 06 मई की दोपहर आरोपी उसके घर आया था। उस समय वह घर के आंगन में नहा रही थी। आरोपी ने उसके पति के बारे में पूछा, जिस पर उसने पति के घर में नहीं होने की बात कही और अपने कमरे में चली गई। आरोप है कि आरोपी पीछे-पीछे कमरे में पहुंचा, दरवाजा बंद कर जबरदस्ती उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया तथा घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी दी।

महिला ने लोकलाज के डर से घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। इसी बीच 07 मई को आरोपी ने पुन: महिला को डरा-धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। बाद में पीडि़ता ने 14 मई को अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर थाना धरमजयगढ़ में धारा 64(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े द्वारा आरोपी दिनेश कौशिक को उसके घर पर दबिश देकर पकड़ा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट