रायगढ़
कुलर, पंखे फेल, एसी भी नहीं आ रही काम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 मई। छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी के चलते लोगों का दिन में निकलना दुभर होने लगा है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान रायगढ़वासियों के लिये इस बार ग्रीष्मकाल जैसे चुनौती बनकर आई है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी के साथ-साथ बुधवार को रायगढ़ का तापमान 45 डिग्री से उपर जा पहुंचा। गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल है और कुलर, पंखे व एसी तक काम नही कर रहे हैं।
बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि बुधवार को रायगढ़ में सबसे अधिक 45.7 डिग्री तापमान एर्ज किया गया। जो संभवत: प्रदेश में सबसे गर्म जिले के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। वहीं मौसम विज्ञान विभाग रायपुर केंद्र के मुताबिक, प्रदेश में अगले 5 दिनों तक गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। साथ ही मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। केवल शीतल पेय के स्थानों पर ही लोगों की भीड दिख रही है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 20 मई को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं मुंगेली में 43.9, सक्ती में 43.8, बालोद और कबीरधाम में 43.5 तापमान रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 43.5 दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं बुधवार को रायगढ़ में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था जो गुरूवार को बढक़र 45.7 डिग्री पर जा पहुंचा है। ऐसा अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों में इस तापमान में करीब एक डिग्री का और इजाफा हो सकता है। वर्तमान में ही भीषण गर्मी और दिन के समय हीट वेव तथा शाम से लेकर मध्य रात्रि तक गर्म हवा थपेड़े चलने के कारण लोगों का सुख चैन खो चुका है। कुलर-पंखे काम नहीं कर रहे तो एसी भी जवाब देने लगा है। कुल मिलाकर जनता हैरान-परेशान व हलाकान हैं। उपर से बीच-बीच में बिजली की कटौती ने जैसे आग में घी का काम किया है।
साल भर मेंटनेंस के चलते अघोषित कटौती के बावजूद ऐन गर्मी के दिनों में इस तरह की लगातार कटौती और ट्रांसफार्मर फैल होने, ऑयल जलने, केबल वायर जलने, डीओ गिरने आदि समस्या के कारण शहर तथा जिले के लोग न तो घर में रह पा रहे हैं और ना ही दफ्तर में उन्हें किसी तरह की राहत मिल रही है। बिजली की व्यवस्था के चलते लोगों में गुस्सा भी दिखने लगा है। जो कभी आंदोलन का भी रूप ले सकता है। हालांकि विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सिमित संख्या और सिमित साधन के बावजूद अपने स्तर पर सुधार कार्य में लगे हैं मगर बार-बार की समस्या जैसे उंट में मुंह में जीरा साबित हो रही है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।


