रायगढ़

आधुनिक पुलिस जिम का लोकार्पण
21-May-2026 10:03 PM
आधुनिक पुलिस जिम का  लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 21 मई।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने  पुलिस लाइन उर्दना में आधुनिक पुलिस जिम का लोकार्पण किया। उन्होंने रिबन काटकर जिम का शुभारंभ किया तथा जिम रूम में स्थापित भगवान हनुमान जी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना की। इसके बाद अतिथियों ने जिम में स्थापित अत्याधुनिक फिटनेस मशीनों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय की जीवनशैली को देखते हुए वेलनेस और फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा व्यायाम के लिए निकालने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस जिम से पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय युवाओं को भी लाभ मिलेगा तथा यह स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा योग, खेल और फिटनेस गतिविधियों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
 उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से फिटनेस पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया जाता है तथा इसी आवश्यकता को देखते हुए पुलिस जिम में अत्याधुनिक मशीनों का अपग्रेडेशन किया गया है।
 उन्होंने बताया कि इस सुविधा का लाभ पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस परिवार के सदस्यों को भी मिलेगा।


अन्य पोस्ट