रायगढ़
9 वर्षीय नातिन घायल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 17 मई। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 चिकटवानी स्थित मुड़ाटिकरा मोहल्ले में शनिवार को उस वक्त मातम पसरा गया, जब एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी मासूम नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव का माहौल भय व सन्नाटे में डूब गया। वहीं मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मिरीना लकड़ा (70 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि घायल बच्ची अगस्तिना लकड़ा (9 वर्ष) बताई जा रही है, जो मृतका की नातिन है।
घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर अज्ञात हमलावर की आशंका जताई जा रही है। और वहीं घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। हर कोई इस हृदयविदारक घटना को लेकर स्तब्ध नजर आया। घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और इधर सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के हर पहलू को खंगालने में जुटी हुई है। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं लोग घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कार्रवाई में जुटी हुई है।


