रायगढ़

ऑनलाइन सट्टा, फरार आरोपी का समर्पण
16-May-2026 4:15 PM
ऑनलाइन सट्टा, फरार  आरोपी का समर्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 16 मई। रायगढ़ जिले में ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच एक आरोपी पिंटू हलवाई ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है।

पुलिस के अनुसार, शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आरोपी पिंटू हलवाई, निवासी चांदमारी रायगढ़, पुलिस कार्यालय पहुंचा और आत्मसमर्पण किया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी पूर्व में दर्ज प्रकरण में फरार था। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि कार्रवाई के बाद वह रायगढ़ छोडक़र उत्तराखंड चला गया था।

थाना कोतवाली में दर्ज प्रकरण में आरोपी को छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन से जुड़े कुछ तथ्यों की जानकारी मिली है, जिसकी जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि पूर्व में इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल लेनदेन संबंधी दस्तावेज, नकदी और अन्य सामग्री जब्त की गई थी।

आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।


अन्य पोस्ट