रायगढ़
ग्रामीणों और राहगीरों को अलर्ट जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 15 मई। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत छाल परिसर के झूनगाबेवरा जंगल किनारे हाथियों का एक दल देखे जाने के बाद वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए कांसाबहर औरानारा मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में बड़ी संख्या में हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों का दल शाम के समय रोजाना सडक़ किनारे पहुंच रहा है, ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और ग्रामीणों को रात के समय अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। वन विभाग एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बोजिया, औरानारा, कांसाबहर और गडाईनबहरी गांव के ग्रामीणों से सतर्क रहने, जंगल की ओर अकेले नहीं जाने तथा हाथियों के नजदीक जाने या उन्हें छेडऩे की कोशिश नहीं करने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार वर्तमान समय में रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में कुल 136 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। लगातार बढ़ रही हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग की टीम भी निगरानी में जुटी हुई है। ग्रामीणों से कहा गया है कि हाथियों की किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग या हाथी मित्र दल को दें, ताकि समय रहते लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


