रायगढ़

गोवा में किराये पर विला लेकर चल रहा था सट्टा कारोबार, 6 सटोरिए पकड़ाए
16-May-2026 2:39 PM
गोवा में किराये पर विला लेकर चल रहा था सट्टा कारोबार, 6 सटोरिए पकड़ाए

 करन चौधरी की निशानदेही पर कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 16 मई।
पुलिस ने सट्टा खाईवाल मामले में एक बार फिर से बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ के 6 बड़े सटोरियों को गिरफ्तार किया है और गिरफ्तार सट्टा खाईवालों की मुखबिरी पुलिस के अलावा हाल ही में गिरफ्तार करन चौधरी ने की थी। पुलिस ने गोवा जाकर एक मकान में छापामार कार्रवाई करते हुए रायपुर के पांच बड़े सटोरियों को पकड़ा वहीं खरसिया से भी इनके एक साथी को पकडक़र इनके पास से आधा दर्जन से भी अधिक मोबाईल तथा महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किये हैं।
इस संबंध में रायगढ़ जिले के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले सट्टा खाईवाल करन अग्रवाल उर्फ करन चौधरी की गिरफ्तारी के बाद मिले महत्वपूर्ण साक्ष्य के आधार पर कुछ और बड़े खाईवालों की जानकारी मिली थी, इसके बाद छत्तीसगढ़ के चर्चित सट्टा नेटवर्क मन्नु नथानी से जुड़े 6 आरोपियों को गोवा के एक प्राईवेट विला से गिरफ्तार किया है जिनमें अमित मित्तल खरसिया, मोहित सोमानी रायपुर, इसके अलावा रायपुर से ही प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल और शुलभ खंडेलवाल को गिरफ्तार करके रायगढ़ लाया गया है और इन सभी से पूछताछ करके इनके साथ जुड़े अन्य साथियों को भी पकडऩे की मुहिम जारी है।
बातचीत के दौरान एसएसपी ने यह भी बताया कि करन चौधरी से मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर ही मन्नु नथानी गैंग से जुड़े ये 6 बड़े सट्टा खाईवाल अपने तरह का सट्टा आपरेट करते थे जो महादेव सट्टे से मिलता जुलता था और टीवी नेटवर्क में सेकेण्ड की देरी पर भी बड़ा लेनदेन किया जाता था। उनका कहना था कि इनके पास से दस मोबाईल और कई डिजीटल साक्ष्य जब्त किये गए हैं। साथ ही साथ जिले में अन्य बड़े सट्टा खाईवालों के बारे में भी इनसे पूछताछ की जा रही है।

चार दिन तक पुलिस ने डाला था डेरा
एसएसपी ने बताया कि करन चौधरी से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने बड़े सट्टा खाईवालों को पकडऩे के लिये सीएसपी मयंक मिश्रा एवं रायगढ़ टै्रफिक डीएसपी उत्तप प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक टीम बनाकर गोवा भेजी थी और यह टीम चार दिनों की कड़ी मेहनत के बाद मन्नु नथानी गैंग से जुड़े इन सभी लोगों तक पहुंची थी। गोवा में ये सभी 6 लोग आईपीएल सट्टा में करोड़ों का लेनदेन हवाला तथा अन्य माध्यम से करते थे और इसके संचालन के लिये एक विला किराये में लिया हुआ था।    


अन्य पोस्ट