रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 10 मई। थाना साइबर और रेल्वे पुलिस की संयुक्त टीम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र से ओडिशा के दो पुरुष और एक महिला को भारी मात्रा में अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 17.726 किलोग्राम गांजा तथा 2 मोबाइल फोन समेत कुल 1,79,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार 08 अप्रैल को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र में शिव मंदिर के पास पीपल पेड़ के नीचे तीन संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर बैठे हुए हैं, जिनके पास मादक पदार्थ गांजा है और वे कहीं जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर थाना कोतवाली, थाना साइबर एवं रेल्वे पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सिद्धांत गोन्डा (28) निवासी डिमरीकाल थाना खजुरीपाड़ा जिला कंधमाल (ओडिशा), कश्यप साहनी (45) निवासी घोड़ापथरा थाना खजुरीपाड़ा जिला कंधमाल (ओडिशा) तथा चंद्रिका साहनी (40) निवासी घोड़ापथरा थाना खजुरीपाड़ा जिला कंधमाल (ओडिशा) बताया।
पुलिस द्वारा बैगों की तलाशी लेने पर एक बैग से 6.382 किलोग्राम, ट्रॉली बैग से 8.084 किलोग्राम तथा अन्य बैग से 3.304 किलोग्राम गांजा (1,76,000 रूपये) बरामद किया गया। आरोपियों के कब्जे से दो कीपैड मोबाइल फोन (3,500 रूपये) भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के कंधमाल जिले से खरीदकर मध्यप्रदेश के खुरई में बिक्री करने के लिए ट्रेन से रायगढ़ पहुंचे थे और आगे जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहे थे। आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला।
थाना कोतवाली रायगढ़ में आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


