रायगढ़

घोघरा डेम में हाथी के बच्चे की मौत, जांच शुरू
09-May-2026 8:47 PM
घोघरा डेम में हाथी के बच्चे की मौत, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़,  9 मई। धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल परिक्षेत्र अंतर्गत सिंघीझाप स्थित घोघरा डेम में लगभग 6 माह के एक हाथी के बच्चे की डूबने से मौत का मामला सामने आया है। वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

वनमंडलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 मई को लगभग 20 हाथियों का दल बोजिया परिसर के कक्ष क्रमांक 516 आरएफ में विचरण कर रहा था। बाद में यह दल सिंघीझाप परिसर के कक्ष क्रमांक 502 आरएफ की ओर बढ़ा। विभाग के अनुसार, देर रात हाथियों का दल घोघरा डेम क्षेत्र में पहुंचा, जहां संभवत: शावक पानी में डूब गया।

वन विभाग ने बताया कि 8 मई को नियमित गश्त के दौरान हाथी ट्रैकर्स ने डेम में शावक को मृत अवस्था में देखा और इसकी सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची। टीम में डॉ. आशीष राठिया, डॉ. विवेक नायक और डॉ. अनिल कुमार सिंह शामिल थे।

वन विभाग के अनुसार, चिकित्सकीय टीम की मौजूदगी में शावक का पोस्टमार्टम कराया गया। मृत्यु के कारणों की पुष्टि के लिए विसरा के नमूने जांच हेतु इंडियन वेटनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट और नानाजी देशमुख वेटनरी साइंस यूनिवर्सिटी भेजे जा रहे हैं। विभाग ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में हाथियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।


अन्य पोस्ट