रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 24 मई। घरघोड़ा पुलिस ने थाना क्षेत्र के निगरानी बदमाश मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान को लूटपाट के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी के संबंध में पुलिस को सूचना मिली थी कि वापस गांव आकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो रहा है।
मामले में ग्राम कपाटबहरी थाना सीतापुर जिला अंबिकापुर निवासी अरूण कुमार एक्का पिता शिवकुमार एक्का द्वारा नवंबर 2025 में शिकायत भेजी गई थी, शिकायत एसपी कार्यालय रायगढ़ से जांच हेतु थाना घरघोड़ा भेजा गया । शिकायत के अनुसार अरूण घरघोड़ा में रहकर मजदूरी का काम करता है। 21 अक्टूबर 2025 की रात लगभग 8:30 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने पिकअप वाहन की ओर जा रहा था, तभी गुप्ता होटल के पास पीछे से आए मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान ने उसके साथ मारपीट की और नशा करने के लिए पैसे मांगने लगा। मना करने पर आरोपी ने उसके शर्ट की जेब से जबरन 500 रुपये छीन लिए तथा मोबाइल छीनने का प्रयास किया। छीना-झपटी के दौरान मोबाइल नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।
शिकायत जांच के दौरान प्रार्थी आवेदक अरूण एक्का से संपर्क किया गया। प्रार्थी एवं गवाहों के बयान लिए गए। वहीं घटना के बाद आरोपी फरार चल रहा था।
शिकायत जांच उपरांत दिनांक 21.05.2026 को आरोपी मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 115(2), 119(1), 309(4), 309(6), 308(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर लगाए गए थे। कल रात आरोपी के गांव में देखे जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उसने लूटपाट की घटना स्वीकार कर ली, आरोपी से शेष लूट रकम जप्त किया गया।


