रायगढ़

18 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
08-May-2026 10:29 PM
18 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 8 मई। अवैध मादक पदार्थ गांजा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पिछले दिनों पुसौर क्षेत्र अंतर्गत गांजे की खेप पकड़ी गई थी। कल थाना साइबर और थाना चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा से रायगढ़ गांजा की खेप लेकर आ रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है।

पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि ओडिशा की ओर से एक नीले रंग की स्कूटी में तीन व्यक्ति अवैध रूप से गांजा लेकर रायगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर थाना साइबर प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में थाना साइबर और थाना चक्रधरनगर की पुलिस टीम द्वारा ग्राम सम्बलपुरी मेन रोड पर नाकेबंदी की गई। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार एक नीले रंग की स्कूटी आती दिखाई दी, जिसे रोककर तीनों संदेहियों से पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपने नाम विजय एक्का, हेमसागर यादव एवं परमेश्वर यादव बताए।

विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी हेमसागर यादव के कब्जे में रखे दो बोरों से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। गवाहों की उपस्थिति में बरामदगी पंचनामा तैयार कर मादक पदार्थ का वजन कराया गया, जिसमें दो बोरी में कुल 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,81,000 आंकी गई। पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ में बिक्री करना स्वीकार किया। कार्रवाई के दौरान गांजा के अलावा आरोपी हेमसागर यादव के कब्जे से मोबाइल फोन तथा गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को जब्त किया गया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 2,11,000 है।

आरोपियों विजय एक्का (34) निवासी नारायणपुर मुड़ापारा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़, हेमसागर यादव (43) निवासी नारायणपुर मुड़ापारा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ तथा परमेश्वर यादव  (45 ) निवासी फरसाटोली थाना बागबहार जिला जशपुर के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में धारा 20, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया है।


अन्य पोस्ट