रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 23 अप्रैल। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चक्रधरनगर पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के मुख्य आरोपी देव बंसल पिता प्रमोद अग्रवाल उम्र 21 वर्ष पता पाल्म बेलेजियो फ्लैट नंबर एफ 202 थाना पण्डरी जिला रायपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया है।
विदित हो कि 16 फरवरी को चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ फून्नु एवं विनय अग्रवाल को इंग्लैंड और इटली के बीच चल रहे टी-20 क्रिकेट मैच पर मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाते रंगे हाथ पकड़ा गया था। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में खरसिया निवासी गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा संचालन करना स्वीकार किया था, गिरफ्तार दोनों आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ फून्नु पिता श्यामसुंदर अग्रवाल उम्र 38 वर्ष पता फ्लैट नं. 110 हिमालया हाईट्स थाना चक्रधरनगर रायगढ, आरोपी विनय अग्रवाल पिता बजरंग अग्रवाल उम्र 49 वर्ष पता सांगीतराई थाना जूटमिल रायगढ़ को थाना चक्रधरनगर के धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध की धारा 7 के तहत रिमांड पर भेजा गया। इसी कड़ी में 11 मार्च को चक्रधरनगर पुलिस ने फरार आरोपी गगन अग्रवाल पिता अनूप अग्रवाल 27 साल निवासी गंज बाजार खरसिया को हिमालया हाइट्स बैंक कॉलोनी को भी गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।


