रायगढ़

सट्टा खाईवाल ने किया सरेंडर
23-Apr-2026 7:28 PM
सट्टा खाईवाल ने किया सरेंडर

रायगढ़, 23 अप्रैल। रायगढ़ पुलिस की लगातार सख्त कार्रवाई का व्यापक असर अब स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। जुआ-सट्टा जैसे अवैध कारोबार पर पुलिस के निरंतर दबाव, त्वरित छापेमारी और खाईवालों तक सीधी कार्रवाई की रणनीति ने अपराधियों के मनोबल को तोड़ते हुए उन्हें कानून के दायरे में आने को मजबूर कर दिया है।

रायगढ़ पुलिस की कार्यशैली और एसएसपी के स्पष्ट संदेश अवैध गतिविधियों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं से प्रभावित होकर कई सटोरिये स्वयं आगे आकर सरेंडर कर रहे हैं। हाल ही में कुख्यात सट्टा खाईवाल हेमराज बरेठ उर्फ पप्पू बरेठ तथा मोहम्मद शाहनवाज मलिक उर्फ शानू द्वारा आत्मसमर्पण इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है, जो दर्शाता है कि पुलिस की रणनीति केवल दमनात्मक नहीं बल्कि सुधारात्मक दिशा में भी प्रभावी साबित हो रही है।

रायगढ़ पुलिस द्वारा सट्टा लिखने वालों के साथ-साथ सट्टा खिलाने वाले मुख्य सरगनाओं पर कार्रवाई करने से पूरे नेटवर्क की कमर टूट रही है। लगातार बढ़ती कार्रवाई, गिरफ्तारी और फरार आरोपियों की तलाश ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त व्यक्ति बच नहीं सकेगा।

इसी क्रम में सट्टा लिखने वाले आरोपियों से पूछताछ में खाईवाल मोहम्मद शाहनवाज मलिक उर्फ सानू निवासी मधुबनपारा तथा हेमराज बरेठ उर्फ पप्पू बरेठ निवासी कबीर चौक जूटमिल के नाम सामने आए थे। पुलिस द्वारा लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के चलते फरार चल रहा आरोपी हेमराज बरेठ उर्फ पप्पू बरेठ ने आज एसएसपी शशि मोहन सिंह के समक्ष सरेंडर किया। एसएसपी द्वारा आरोपी को समझाइश दी गई कि अवैध गतिविधियों से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में जुडऩा ही सम्मानजनक जीवन का मार्ग है।  विदित हो कि आरोपी पप्पू बरेठ का पिता कंगालू बरेठ भी सट्टा के कारोबार से जुड़ा था जिसके खिलाफ थाना जूटमिल में 30 से अधिक मामले दर्ज है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शाहनवाज मलिक उर्फ शानू को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट