रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 23 अप्रैल। जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत केलो डैम के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक गैरेज मैकेनिक की मौत हो गई। हादसे में युवक का साथी भी घायल हुआ है। सोमवार शाम अस्पताल में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम भेन्ड्रा निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद साहिब पेशे से मैकेनिक था। रविवार दोपहर वह अपने दोस्त मनीष के साथ बाइक पर सवार होकर कार मरम्मत का सामान लेने रायगढ़ शहर आ रहा था। सफर के दौरान जैसे ही उनकी बाइक केलो डैम के पास पहुंची, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सडक़ पर दूर जा गिरे।
हादसे में साहिब के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं, जबकि मनीष को मामूली चोटें लगीं। स्थानीय लोगों की मदद से साहिब को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसे बचाने की कोशिश करती रही। लेकिन सोमवार शाम जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए साहिब की सांसें थम गईं। साहिब अपनी मेहनत से परिवार का सहारा बना हुआ था, जिसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।


