रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 17 अप्रैल। जिले के चिराईपानी के महालक्ष्मी कास्टिंग्स में हुए एक दर्दनाक हादसे में एक गरीब परिवार के मुखिया की जान ले ली। महालक्ष्मी कास्टिंग्स के शीट में चढक़र फेब्रिकेशन काम करने के दौरान करीब 35 फीट की ऊंचाई से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस को भनक लगते ही इसकी जांच शुरू हो गई है।
जिला मुख्यालय से 13 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत लाखा के आश्रित ग्राम चिराईपानी में महालक्ष्मी कास्टिंग्स प्रायवेट लिमिटेड में बुधवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे एक ऐसी घटना घटी, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को निगल लिया। मूलत: उत्तरप्रदेश के बागपत जिले का निवासी मीर हसन वल्द समीदीन (50 वर्ष) महालक्ष्मी कास्टिंग्स परिसर के लेबर क्वाटर में रहते हुए कंपनी में ही किसी शाहिद ठेकेदार के मातहत काम करता था।
15 अप्रैल के पूर्वान्ह साढ़े 10 बजे महालक्ष्मी कास्टिंग्स परिसर स्थित करीबन 35 फीट ऊपर शीट में चढक़र मीर हसन फेब्रिकेशन संबंधी कार्य कर रहा था। इस दौरान अचानक उसका शारीरिक संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिरा। इस हादसे को देखते ही वहां के मजदूरों ने इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन को दी तो आनन-फानन में उसे रायगढ़ के आरएल हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया।
डॉ. प्रशांत अग्रवाल ने प्राथमिक जांच में पाया कि मीर हसन के सिर, हाथ-पांव के अलावे शरीर के अन्य हिस्से चोटिल थे, लिहाजा सघन उपचार शुरू हुआ। बावजूद इसके चंद घंटे तक जिंदगी और मृत्यु के बीच सांसें लेने वाले मीर हसन ने शाम 4 बजे दम तोड़ दिया।


