रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 12 अप्रैल। रायगढ़ पुलिस को ऑपरेशन तलाश के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर शोषण करने वाले फरार आरोपी को सुंदरगढ़ (ओडिशा) से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपक कुमार पासवान (झारखंड) ने 15 वर्षीय बालिका से मोबाइल के माध्यम से संपर्क बढ़ाया। बाद में उसे 8 अक्टूबर 2025 को बहला-फुसलाकर तमनार क्षेत्र में बुलाया और किराए के मकान में दो दिनों तक रोककर रेप किया। घटना के बाद आरोपी बालिका को छोडक़र फरार हो गया था।
बालिका के पिता ने 10 अक्टूबर 2025 को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने बालिका को उर्दना कृष्णापुर क्षेत्र से बरामद किया।
काउंसलिंग और बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने आरोपी की लगातार तलाश की। मुखबिर सूचना के आधार पर उसकी लोकेशन सुंदरगढ़ में मिलने पर टीम को रवाना किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया, जहां पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराकर पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


