रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 9 अप्रैल। गुमशुदा व्यक्तियों की सघन पतासाजी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत रायगढ़ पुलिस को दो महत्वपूर्ण सफलताएं प्राप्त हुई हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुम हुई दो नाबालिग बालिकाओं को पुलिस टीमों द्वारा खोजबीन कर सकुशल दस्तयाब किया गया है। दोनों ही मामलों में पीडि़ताओं के कथन के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पहले मामले में थाना जूटमिल में 22 अक्टूबर 2025 को एक प्रार्थी द्वारा अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के घर से बिना बताए लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी बालिका का पता नहीं चलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। जांच के दौरान बालिका और संदेही युवक सनत कुमार भट्ट (20 साल) जूटमिल के बीच संपर्क की जानकारी मिलने पर पुलिस ने इस दिशा में जांच आगे बढ़ाई। लगातार प्रयास और मुखबिर तंत्र के माध्यम से दोनों के पंजाब के जालंधर में होने की सूचना मिली, जिस पर तत्काल पुलिस टीम को रवाना किया गया। टीम ने वहां पहुंचकर बालिका को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद किया। बालिका के कथन, मेडिकल पर आरोपी द्वारा नागालिग बालिका का शारीरिक शोषण करना पाये जाने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 87, 65 (1) बी.एन.एस. 4. 6 पॉक्सो एक्ट विस्तारित किया गया। कल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजकर जेल दाखिल किया गया है।
दूसरे मामले में थाना पूंजीपथरा में 25 मार्च को एक प्रार्थी ने अपनी 15 वर्षीय पुत्री के 17 मार्च की रात घर से बिना बताए लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज कर पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान 06 अपै्रल को अंबिकापुर के खरसिया नाका चौक के पास एक युवक के साथ नाबालिग बालिका को बरामद किया गया। पीडि़ता का महिला पुलिस अधिकारी द्वारा कथन कराया गया, जिसमें बालिका द्वारा बस से जामगांव फिर अम्बिकापुर ले जाना और शारीरिक संबंध बनाना बताई है। बालिका के कथन, मेडिकल पर आरोपी के विरुद्ध धारा 87, 65 (1) बीएनएस 4. 6 पॉक्सो एक्ट विस्तारित कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम में शामिल एएसआई उमाशंकर विश्वाल और हमराह स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।


