रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 8 अप्रैल । रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
9 किलो से अधिक गांजा जब्त
थाना लैलूंगा पुलिस को ग्राम सिहारधार में अवैध गांजा बिक्री की सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान दिलेश्वर यादव (19 वर्ष), पिंटू यादव (18 वर्ष) और गोमदो यादव (54 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9.170 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 4.35 लाख रुपये है, तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने उड़ीसा से गांजा लाकर बिक्री करना स्वीकार किया।
मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
अवैध शराब के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
वहीं, कोतवाली पुलिस ने टाउन पेट्रोलिंग के दौरान केवड़ाबाड़ी पेट्रोल पंप के पास एक एक्टिवा वाहन में सवार दो व्यक्तियों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान अमित यादव (36 वर्ष) और गणेश राम यादव (59 वर्ष) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उनके पास से 52 पौव्वा देशी शराब (9.360 बल्क लीटर) बरामद की गई। साथ ही वाहन भी जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।


