रायगढ़
महुआ बीनने जंगल गए ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 8 अप्रैल। रायगढ़ जिले में बुधवार की सुबह जंगल में एक ही फंदे पर युवक और युवती की फांसी पर लटकती लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों शवों को उतारकर पोस्टमार्टम के लिये भेजते हुए परिजनों से पूछताछ कर रही है। मामला छाल थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह महुआ बीनने छाल क्षेत्र के एडूकला जंगल गए ग्रामीणों ने एक ही फंदे पर युवक और युवती की फांसी पर लटकती लाश देखी। जिसके बाद पूरे घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद छाल थाने की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को फंदे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतकों की शिनाख्त रामकुमार अगरिया (25) और परमेश्वरी अगरिया (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली है कि एक पेड़ में प्रेमी-प्रेमिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही पूरे मामले का पता चल सकेगा।


